प्रश्नोत्तर P1-0167 · भाग 1
जैसे ही मेरा पड़ोसी कुछ नया करता है, मैं अपने आप लो फील क्यों करने लगता हूं? क्या मैं उस प्रतिस्पर्धा से हट ही जाऊं? पर मैं उसी समाज का हिस्सा हूं और मुझे वहीं रहना है।
देखिए, जब आपके पास उससे अच्छा था, तो आपको लग रहा था मैं शांति से रह रहा हूं। आप शांति से नहीं रह रहे थे, आप मान में, दिखावे में रह रहे थे कि मेरे पास उससे ज्यादा है, यह मुझसे कमजोर है। शांति उसकी कमजोरी से मिल रही थी। जैसे ही वह आपसे बड़ा हुआ, वही शांति अशांति में बदल गई।
जितने लोगों के साथ मैं दौड़ कर रहा हूं, एक न एक दिन वे आगे-पीछे छूट जाएंगे। हर आदमी देखे तो बीच में खड़ा है; कोई यह नहीं कह सकता कि मैं सबसे नीचे हूं या सबसे ऊपर, क्योंकि सबसे नीचे या सबसे ऊपर गया तो दौड़ से ही गया — दौड़ हमेशा बीच वाला करता है। अगर मैं इनसे आगे जाता हूं तो इनके आगे भी लोग हैं। जिससे मैं तुलना कर रहा हूं, क्या वह फाइनल व्यक्ति है? ऐसा तो है नहीं। अंबानी का नाम लिया — उनसे ऊपर भी विश्व में कितने हैं, कितने उद्योगपतियों का तो नाम भी नहीं पता। हो सकता है जितने देश गिने गए हैं, उससे ज्यादा देश इस पृथ्वी पर हों — खोज से पहले लगता था इतने ही हैं, खोज हुई तो बढ़ गए। तो कहां तक दौड़ करोगे? और जिनके साथ दौड़ रहे हो, क्या वे रहेंगे?
तो मुझे अपने मकसद को समझना चाहिए कि मेरे जन्म का उद्देश्य क्या है। मुझे किसी से कंपटीशन ही नहीं करना। तुलना करने वाला व्यक्ति जिंदगी भर परेशान रहता है। मुझे तुलना क्यों करनी पड़ रही है? इसका मतलब मेरा कोई व्यक्तिगत लक्ष्य नहीं है; दूसरों को देखकर मैं जी रहा हूं, तभी तो तुलना है। क्या मैं इतना भी नहीं समझ पाया कि मुझे जीवन जीने के लिए क्या-क्या चाहिए, मेरी जरूरत क्या है? तो मुझे तुलना से हटना पड़ेगा, क्योंकि जिसके साथ मैं तुलना कर रहा हूं, क्या वह फाइनल व्यक्ति है?
सत्संग वीडियो देखेंऐप में खोलें
वीडियो: देखना है मुझे क्या चाहिए ? #योगी · 2026-10-12