प्रश्नोत्तर P1-0141 · भाग 1
लेकिन गुरु जी, जब तक शरीर रहेगा, कुछ न कुछ जरूरत तो रहेगी।
एक होती है जरूरत — जरूरत मैंने पूरी की और मैं वापस आ गया। जैसे तूने ट्रेन का टिकट लिया, यहां तक आया; जैसे ही स्टेशन आया, उस सीट को छोड़ दिया, क्योंकि तूने जरूरत में उसे पकड़ा था और तय कर लिया था कि यहां से यहां तक मेरी सीट है। बीच में कोई छुड़ाता तो तू नहीं छोड़ता, किसी का अधिकार भी नहीं था। पर देखो कैसे तू उस सीट को छोड़कर चला आया। क्या उस सीट की याद है? क्या फिर उस पर जाना चाहता है? नहीं।
बीच के स्टेशनों पर भी खाने-पीने उतरा होगा, लेकिन सीट थोड़ी छोड़ी, क्योंकि आगे जाना था; अपनी जरूरत के लिए उतरा और खाना-पीना लेकर अंदर हो गया। तो मुझे यह देखना है कि आखिर मुझे पीछे क्यों जाना पड़ रहा है? उसके पीछे कारण क्या है — मान के चक्कर में जा रहा हूं या जरूरत में? अगर जरूरत में जा रहा हूं तो जरूरत पूरी करके वापस आ जाऊं। अपने आत्मिक कल्याण के लिए देखना है कि मैं किसी पिंड में, किसी वस्तु में घुसा हूं तो क्यों घुसा हूं, और मुझे पीछे क्यों जाना पड़ रहा है। पीछे ही तो बंधन है।
सत्संग वीडियो देखेंऐप में खोलें
वीडियो: 19 सुबह अपनों की कुटिया हरियाणा यमुना तट #योगी · 2026-10-12